Wednesday, October 21st, 2026

पांच फरवरी से IND vs ENG टेस्ट सीरीज का आगाज, भारत के तीन अंपायर करेंगे अंपायरिंग

नई दिल्ली
आईसीसी पैनल में शामिल भारत के तीन अंपायर इंग्लैंड के खिलाफ पांच फरवरी से शुरू हो रही चार टेस्ट मैचों की सीरीज में अंपायरिंग करेंगे। वीरेंदर शर्मा और अनिल चौधरी टेस्ट मैचों में पहली बार अंपायरिंग करेंगे। यह दोनों आईसीसी अमीरात पैनल के सदस्य हैं। इनके साथ एलीट पैनल में भारत के प्रतिनिधि नितिन मेनन भी शामिल होंगे जो पिछले टेस्ट मैच में मैदानी अंपायर रह चुके हैं।

मेनन भारत के सबसे युवा अंपायरों में से हैं। वहीं शर्मा वन-डे और एक टी-20 में अंपायरिंग कर चुके हैं। चौधरी 20 वन-डे और 28 टी-20 में मैदान पर अंपायरिंग कर चुके हैं। मेनन ने तीन टेस्ट, 24 वन-डे और 16 टी-20 में अंपायरिंग की है। तीनों आईपीएल में नियमित तौर पर अंपायरिंग करते रहे हैं।

कोरोना महामारी के कारण आईसीसी ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के सभी मैचों के लिए घरेलू टीम के मैच अधिकारियों को मंजूरी दी है। इसके पीछे तर्क यह दिया गया है कि टीमों को अंपायरों के फैसले की समीक्षा (डीआरएस) अपील के तीन मौके मिलते हैं, जिससे गलत फैसलों की गुंजाइश कम रह जाती है। इससे पहले तमिलनाडु के सुंदरम रवि को टेस्ट में लगातार खराब प्रदर्शन के कारण पैनल से बाहर कर दिया गया था।

 

#IND vs ENG

Source : Agency

पाठको की राय